रिपोर्टर आज़ाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी उपखंड क्षेत्र के उपरेड़ा सोमी पुल पर बह गई बालिका रुत्वी का शव शुक्रवार शाम तक भी नहीं मिल पाया। प्रशासन की निगरानी में सिविल डिफेंस टीम और एडीआरएफ टीम सुबह से शाम तक उपरेड़ा सहित आसपास के सांखली क्षेत्र तक नदी में सर्च ऑपरेशन कर तलाश करती रही,
लेकिन देर शाम तक शव का कोई पता नहीं चला। गौरतलब है कि मंगलवार रात उक्त पुल पर एक गाड़ी में सवार नौ लोग बह गए थे। इनमें से पाँच को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार की मौत हो गई थी। मृतकों में से तीन के शव अगले ही दिन बरामद कर लिए गए थे, लेकिन छह वर्षीय बालिका रुत्वी का शव अब तक नहीं मिल सका है।शव की तलाश के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। शुक्रवार को ड्रोन कैमरे की मदद से भी खोजबीन की गई, किंतु सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं जिला प्रशासन के निर्देशन में राशमी एमडीएम अंजु शर्मा, तहसीलदार वैणी प्रसाद, राशमी थाना पुलिस सहित अन्य विभागीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया गया कि टीमों ने तैराकों की मदद से मरमी एनीकट तक भी रुत्वी की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।















