कुमावत समाज ने दिया ज्ञापन, नाबालिगा की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।

संपादक कालूराम कुमावत। कपासन न्यूज/  राजसमंद, 11 सितम्बर 2025 राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवा शक्ति समिति द्वारा आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें 27 अगस्त 2025 को कुचामन शहर की एक नाबालिग छात्रा के अपहरण प्रकरण में अब तक बरामदगी न होने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। समिति के जिलाध्यक्ष हरि भगवान कुमावत और ,नारायण लाल सीदड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल नान्दोलिया, रतन राज , मेहन्द्र धनारिया ,दीपक धनारिया , कैलाश धनारिया , दीपक सिंगलवाल, चेतन उठवाल, नरेश सिंगवाल, सूरज खनाडिया , रमेश भदानिया,,तरुण धनारिया ,राहुल सिंगलवाल ,विनोद भदानिया के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी एवं समाजजन जिला मुख्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि घटना के दिन 14 वर्षीय छात्रा मंदिर से घर लौट रही थी तभी मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने जबरन उसे कार में डालकर अपहरण कर लिया। इस मामले की सूचना पुलिस थाने में दी गई और एफआईआर धारा 363 व 327 आईपीसी में दर्ज भी हुई, लेकिन घटना को पखवाड़े से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नाबालिगा की बरामदगी नहीं हो पाई है। समाज प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता के कारण आरोपियों को भागने और छिपने का पूरा अवसर मिल रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि कई बार निवेदन करने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। कुमावत युवा शक्ति समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नाबालिगा को सुरक्षित बरामद नहीं किया गया और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।