रिपोर्टर पंडित मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़।प्रतापगढ़ में ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। प्रतापगढ़ पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने फैक्ट्री से 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। 50 करोड़ रुपए की ड्रग्स और उसे बनाने का सामान भी बरामद किया है। मामला पीपलखूंट थाना क्षेत्र का बुधवार देर रात का है। आरोपी और उसके भाई ने ड्रग्स की कमाई से एक करोड़ रुपए का होटल (गेस्ट हाउस) भी खरीदा था, जो भाई की पत्नी के नाम पर था। 2024 से फरार चल रहा था। प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य ने बताया कि एजीटीएफ जयपुर को पीपलखूंट के टांडा बड़ा सरहद बोरी मोजल गांव में ईश्वर मीणा के मकान में एमडी ड्रग्स बनाने की सूचना मिली थी। बुधवार देर रात एजीटीएफ, धोलापानी, पीपलखूंट और सौंखपुरा थाना पुलिस ने मकान में दबिश दी। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसने अपना नाम जमशेद गुल उर्फ जम्मू खान निवासी देवल्दी (प्रतापगढ़) बताया। जमशेद 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश है। वह 2024 में देवल्दी और 2025 में सुहागपुरा के जंगल में पकड़ी गई एमडी फैक्ट्रियों में शामिल था। जमशेद फरार चल रहा था। फैक्ट्री में सर्च करने पर पुलिस ने 70 किलो 720 ग्राम लिक्विड केमिकल और 17 किलो 400 ग्राम एमडी बरामद की। इसकी बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपए आंकी गई है। स्टील के दो बड़े बर्तन, दही बिलौने की मशीन, हीटर और बाइक भी जब्त की है। भाभी के नाम पर मध्यप्रदेश में एक करोड़ का होटल जमशेद गुल और उसके भाई याकूब ने मध्यप्रदेश के जावरा में एक करोड़ रुपए का होटल (गेस्ट हाउस) खरीदा था। यह संपत्ति (फातिमा गेस्ट हाउस) याकूब की पत्नी फातिमा के नाम पर है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत इस प्रॉपर्टी को 28 अगस्त 2025 को सील कर दिया था। इससे पहले, 2024 में प्रतापगढ़ पुलिस और AGTF ने अरनोद देवल्दी गांव में कार्रवाई कर भारी मात्रा में ड्रग बनाने का सामान, मशीनें, एमडी युक्त केमिकल बरामद किए। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही जमशेद और याकूब मौके से फरार हो गए। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका इस संयुक्त कार्रवाई में एजीटीएफ के हेड कांस्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र पाटीदार की विशेष भूमिका रही। वहीं प्रतापगढ़ डीएसटी के प्रभारी उप निरीक्षक रविंद्र पाटीदार सहित टीम के सदस्यों उप निरीक्षक पन्नालाल, एएसआई प्रताप सिंह, कांस्टेबल विनोद, नरेंद्र सिंह, पंकज, रमेश चंद, हेमेन्द्र सिंह, सन्दीप, रमेश चंद व अरविंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएचओ पीपलखूँट नरेश पाटीदार और उनकी टीम भी इस कार्रवाई का हिस्सा रही।















