रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त गंगरार रामेश्वर लाल के निर्देशन तथा थानाधिकारी राशमी प्रेम सिंह के सुपरविजन में
पुलिस टीम ने 11 वर्ष से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2014 से फरार स्थायी वारंटी राधेश्याम उर्फ लाला (पुत्र नन्दराम ब्राह्मण, उम्र 48 वर्ष, निवासी दडबा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़) अपनी पहचान छिपाकर जयपुर, अजमेर और भीलवाड़ा में किराये के मकानों में रह रहा था। 28 सितम्बर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वह भीलवाड़ा शहर में किराये के मकान में रह रहा है।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर किराये पर कमरा लेने का बहाना बनाया, लेकिन वारंटी ने कमरे खाली न होने की बात कहकर दरवाजा बंद कर लिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने दरवाजा खुलवाया और पूछताछ की। पहले उसने अपना नाम अशोक प्रजापत बताया, किंतु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सही नाम राधेश्याम उर्फ लाला बताया।स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर 29 सितम्बर को न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में थानाधिकारी राशमी प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल महिपाल, कांस्टेबल रमेश विश्नोई, विनोद कुमार एवं गोपीराम का विशेष योगदान रहा।















