रिपोर्टर पंडित मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 14 अक्टूबर। गत दिनों एक अधिवक्ता द्वारा सर्वोच्च न्यायालय प्रांगण में मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर जूता फेंकने की घटना को शर्मनाक, जातिगत घृणा से प्रेरित कृत्य बताते हुए मंगलवार 14 अक्टूबर को एससी एसटी महासभा द्वारा विरोध जताया गया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप कर कठोरतम कार्यवाही की मांग की गई। जिलाध्यक्ष रामेश्वर बैरवा ने बताया कि एक दलित समाज के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति पर सभी एससी एसटी समाज को गर्व है। ऐसे में इस तरह की घटना उनके पद और गरिमा के प्रति अपमानजनक है। आजादी के 78 वर्ष बाद भी यदि दलित समुदाय का मुख्य न्यायाधीश सुरक्षित नहीं है तो एक सामान्य दलित की क्या स्थिति होगी? यह घटना एक व्यक्ति पर हमला नहीं होकर सम्पूर्ण समुदाय की गरिमा और संविधान के मूल मूल्यों पर गहरा आघात है। गणेशलाल जाटोलिया, निर्मल देसाई, बाबूलाल बैरवा, सत्यनारायण खटीक, कौशल कुमार धोबी, गंगरार अम्बेडकर संस्थान के घनश्याम खटीक, जानकीलाल रेगर, अरूण कण्डारा, रतन खटीक, प्रभुलाल उपरेड़ा, श्याम आमेरिया, अम्बालाल सेरसिया, रामावतार मीणा, चम्पालाल बैरवा, प्रभुलाल बैरवा सहित उपस्थित अजा जजा वर्ग के कई समाजजनों द्वारा अधिवक्ता के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही करने के निर्देश जारी करने की मांग की।















