राशमी में तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न,बैंड-बाजे के साथ निकली बारात, श्रद्धालुओं ने किया स्वागत।

रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी। कस्बे में रविवार को शालिग्राम और तुलसी का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव के मुख्य मार्ग से बैंड-बाजे के साथ भव्य बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु ढोल की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। लक्ष्मी नारायण मंदिर से वर पक्ष की ओर से भगवान शालिग्राम की बारात निकली। रास्ते भर गांववासियों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। बारात दोली बाई लक्षकार के घर पहुंची, जहां वधु पक्ष की ओर से जानकी लाल लक्षकार, ऊंकार लाल लक्षकार, दुर्गा शंकर लक्षकार और वरदी चंद्र लक्षकार के परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत-सत्कार किया। विवाह मंडप में पंडित गोपाल शर्मा ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में पूरी कराईं। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं, जिससे पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। विवाह के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शास्त्रों के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह होता है। इस दिन को शुभ कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है और इसी के साथ मांगलिक कार्यों की श्रृंखला आरंभ हो जाती है। इस अवसर पर सुरेश सुवालका, कैलाश चंद्र सुखवाल, लोकेश सुवालका, एकलिंग चंद्र आचार्य, भंवरलाल आचार्य, मदन सुखवाल, किशन व्यास, श्याम लाल व्यास, सत्यनारायण सुखवाल, शंकर लाल जोशी, भेरूलाल नुवाल, शंभू लाल टेलर, रामलाल सुवालका, सोहनलाल तेली, राधेश्याम सुखवाल, पुजारी पवन शर्मा, सोनू शर्मा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।