मजदूर 70 फीट ऊंची टंकी से गिरा, सरिए में फंसा, लोगों ने शरीर में घुसी रॉड को दोनों ओर से काटा, फिर अस्पताल पहुंचाया।

संपादक कालूराम कुमावत कपासनन्यूज़/ नीमच जिले के जीरन नगर परिषद में अमृत योजना 2.0 के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकी पर सोमवार शाम करीब 70 फीट की ऊंचाई से एक मजदूर नीचे गिर गया और लोहे की छड़ों (सरियों) पर अटक गया। मजदूर नेमीचंद बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कर रहा था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह निर्माणधीन टंकी के नीचे गिरा। इस दुर्घटना में एक लोहे का सरिया उसके दाएं हाथ से बाएं हाथ की ओर आर-पार निकल गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और मजदूर करीब दो घंटे तक गंभीर हालत में सरिए पर फंसा रहा। सूचना मिलने पर जीरन पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसी टंकी से मजदूर नीचे गिरा है। पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों ने स्वयं ही साहसिक बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने खाट का उपयोग किया और मजदूर के शरीर में घुसे सरिए को दोनों ओर से काटा। इसके बाद ग्रामीणों ने लगभग 60 फीट की ऊंचाई से जोखिम उठाकर उसे नीचे उतारा। नीचे उतरने के बाद 108 एंबुलेंस के ईएमटी ज्ञानेश धनगर और पायलट दशरथ व्यास ने गंभीर रूप से घायल नेमीचंद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत एक निजी हॉस्पिटल रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।