कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ | पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 20 जनवरी 2026 की रात घटित एक घटना को लेकर चित्तौड़गढ़ के सदर थाना में एक एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में डीएसपी गिरिराज गर्ग, विक्रेडिट के डायरेक्टर बृजेश चौखड़ा, अनिल सनाढ्य तथा अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ता समाजसेवक एवं अभ्युदय संस्था के संस्थापक एवं वकील हिमांशु महेश्वरी का आरोप है कि उन्हें सार्वजनिक सड़क पर रोका गया और बिना विधिक प्रक्रिया का पालन किए पुलिस लाइन ले जाया गया। शिकायत के अनुसार, पूर्व में दर्ज एक मामले को आधार बनाकर कथित रूप से धमकी दिए जाने और धनराशि की मांग किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम से पूर्व में दर्ज मामलों की विधिक प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े होते हैं। एफआईआर के अनुसार, बृजेश चौखड़ा और डीएसपी गिरिराज गर्ग द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से अपहरण और उगाही की योजना बनाए जाने तथा उसे अंजाम दिए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और वर्तमान में इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एफआईआर दर्ज होना विधिक प्रक्रिया का हिस्सा है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार के निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाना चाहिए। इधर, शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस प्रशासन की ओर से यह संदेश दिया गया है कि यदि किसी भी मामले में प्रथम दृष्टया तथ्य सामने आते हैं, तो पद या हैसियत की परवाह किए बिना विधि के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।















