मादक पदार्थों की तस्करी में 17 माह से फरार पांच हजार रुपये का ईनामी अपराधी गिरफ्तार।

रिपोर्टर मुकेश कुमावत कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़, 30 जनवरी। दो क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडाचुरा तस्करी में संलिप्त 17 माह से फरार पांच हजार रूपये का ईनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि बेगूं थाना पुलिस द्वारा 30 अगस्त 2024 को एक ट्रैक्टर से 2 क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा जब्त कर थाना बेगूं पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण में संलिप्त आरोपी भैरू लाल पुत्र नाथूलाल गुर्जर निवासी गोविन्दपुरा थाना बेंगू प्रकरण दर्ज होने के उपरान्त से ही अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये घर से फरार हो अन्य निकटवर्ती राज्य में फरारी काट रहा था। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अनुक्रम में एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में वृत कार्यालय गंगरार पर पदस्थपित एएसआई संजय शर्मा, कानि. रामसिंह, महेन्द्र सिह व पुलिस थाना गंगरार पर पदस्थापित कानि नन्दराम व सुनिल कुमार द्वारा वांछित आरोपी की तलाश हेतु निवास स्थान व सम्भावित ठिकानों पर मुखबीर तन्त्र के जरिये सुचना प्राप्त कर दबिश दी गई। इस दौरान टीम ने आसुचना संकलन करते हुए करीब 17 माह से फरार पांच हजार रूपये का ईनामी एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में वांछित आरोपी 24 वर्षीय भैरू लाल पुत्र नाथूलाल गुर्जर निवासी गोविन्दपुरा थाना बेंगू जिला चित्तौडगढ को भरसक प्रयास कर गिरफ्तार किया। आरोपी के अन्य साथीगण पूर्व में गिरफ्तार हो चुके है। आरोपी को प्रकरण में गिरफ्तार कर अनुसंधान किया जा रहा है।