रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़, 02 फरवरी। जिले की बिजयपुर थाना पुलिस द्वारा नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से 234 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम व धरपकड़ कार्यवाही के तहत एएसपी चितौडगढ सरिता सिंह के निर्देशन व वृताधिकारी ग्रामीण चितौडगढ दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी बिजयपुर रामलाल उप निरीक्षक ने अपने नेतृत्व में एएसआई जयसिंह, कानि. जोगेन्द्र, रणजीत सिंह, रामधन, मुकेश व राजेन्द्र सिंह द्वारा पैमा खैडा के पास पालछा की तरफ नाकाबन्दी शुरू की। इसी दौरान पैमा खैडा की तरफ से एक क्रेटा कार तेज गती से आई जिसका चालक पुलिस नाकाबन्दी को देखकर कार को वापस घुमाकर जंगल की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते में लेकर गया जिसका थानाधिकारी मय टीम द्वारा पिछा किया गया तो कार चालक कार को जंगल मे छोड़कर भाग गया। कार चालक का पिछा किया गया मगर जंगल होने से अंधेरा का फायदा उठाकर कार चालक भागने में सफल रहा। उक्त क्रेटा कार में मिले 12 प्लास्टिक के काले रंग के कटटो में कुल 234 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया गया। क्रेटा कार चालक के विरूद्व एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर अनुसन्धान जारी है।















