कपासन न्यूज/ भीलवाड़ा जिले की बिजोलिया तहसील के अंतर्गत जालंधरी ग्राम पंचायत के अमरपुरा गांव में आजादी के 75 वर्ष बाद भी पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण गांव की स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सड़क के अभाव में गांव में चारों ओर कीचड़ और गंदगी फैली हुई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ-साथ बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। गांव की गंभीर समस्या को देखते हुए आम आदमी पार्टी के नेता धनराज के नेतृत्व में अमरपुरा के पिंटु कुमार, शकरलाल, दिलराज औकैश,हेमराज मीणा,चेतराम मीणा, अनिल बलाई आदि ग्रामीणों ने सरपंच,क्षेत्रीय विधायक एवं प्रशासन से शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की मांग की है। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ध्यान नहीं दिया तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।















