अवैध अफीम व अवैध डोडा चूरा प्रकरण में कठोर कारावास व अर्थदण्ड से दण्डित।

रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 04 फरवरी। न्यायालय विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस प्रकरण सं. 2 चित्तौड़गढ़ के पीठासीन अधिकारी अचला आर्य ने एक किलो 400 ग्राम अवैध अफीम और तीन किलो 300 ग्राम अवैध डोडा चूरा के मामले के निर्णय में दो अभियुक्तों को कठोर कारावास व अर्थदण्ड से दण्डित किया। प्रकरणानुसार 18 मई 2020 को भादसोड़ा थानाधिकारी भवानीशंकर को जरिये मुखबिर अफीम सौदे की सूचना मिली कि एक आदमी अफीम बेचने आया। सूचना विश्वसनीय होने से मय जाप्ता भादसोड़ा के मौखमपुरा निवासी जमनालाल पिता माधवलाल जाट के घर पर दबिश दी गई जहाँँ जमनालाल व भेरूवन गुसाई पिता नारायणवन बैठे मिले। पूछताछ में एक ने अपना नाम जमनालाल व दूसरे ने भेरूवन बताया। जमनालाल ने उक्त मकान स्वयं का होना बताया। मकान की तलाशी व स्वयं की तलाशी हेतु नोटिस दे तलाशी लिये जाने की सहमति प्राप्त की। तलाशी के दौरान भेरूवन से उसके पास गमछे में लचीला पदार्थ भरा हुआ मिला। पूछने पर उन्होंने अफीम होना बताया। साथ लाये कांटे से वजन किया तो 600 ग्राम अफीम पाई गई। जमनालाल के मकान के बरामदे में प्लास्टिक के कट्टे में लचीला पदार्थ मिला जो अफीम होना पाया गया। वजन करने पर एक किलो 400 ग्राम मय थैली होना पाया गया। कट्टा खोल कर देखा तो उसमें डोडा चूरा भरा होना पाया गया जो वजन करने पर तीन किलो 300 ग्राम रहा। कहाँ से लाया, किसका है, इस बारे में कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। घर में रखने बाबत् पूछा गया तो अनुज्ञापत्र नहीं होना बताया। इनका कृत्य जुर्म धारा एनडीपीएस एक्ट की 8/15, 8/18 के अन्तर्गत बनना पाया गया। दौराने प्रकरण अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक उमा शंकर दाधीच ने गवाह व दस्तावेज प्रदर्श किये जिस पर न्यायालय द्वारा अभियुक्त भेरूवन को 8/18 के अपराध का दोषी मानते हुए 4 वर्ष का कठोर कारावास व 40 हजार अर्थदण्ड सहित अदम अदायगी 4 मास का कठोर कारावास। अभियुक्त जमनालाल को अपराध अंतर्गत धारा 8/18 के अपराध का दोषी मानते 6 वर्ष कठोर कारावास, 60 हजार अर्थदण्ड, अदम अदायगी 6 मास व 8/15 में दोषी मानते हुए 1 वर्ष कठोर कारावास, 40 हजार अर्थदण्ड सहित अदम अदायगी 1 मास कठोर कारावास से दंडित किया गया।