कपासन न्यूज/ डकोर (जालौन) उरई तहसील क्षेत्र के डकोर निवासी एक किसान की खेत पर पानी लगाते समय अचानक हार्ट अटैक आने से दर्दनाक मौत हो गई।
घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डकोर निवासी मलखान सिंह पुत्र मेवा लाल मंगलवार सुबह लगभग 5:00 बजे अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह खेत में ही जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। बताया जाता है कि मृतक अत्यंत निर्धन किसान थे और मात्र एक एकड़ जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में एक पुत्र रविंद्र, दो विवाहित बेटियां सुनीता और विनीता, बहू एवं दो नाती हैं। पूरे परिवार की जिम्मेदारी मलखान सिंह के कंधों पर ही थी। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मलखान सिंह मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में उनकी ईमानदारी और संघर्ष की चर्चा होती थी। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि मृतक किसान के परिवार को किसान बीमा योजना एवं अन्य सरकारी राहत योजनाओं का लाभ तत्काल दिलाया जाए, साथ ही आर्थिक सहायता राशि शीघ्र प्रदान की जाए ताकि गरीब परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से चल सके। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और सरकार इस गरीब किसान परिवार की मदद के लिए कितनी तत्परता दिखाते हैं।















