महिला श्रमिक के ऊपर पट्टी गिरने से महिला हुई गंभीर रूप से घायल, जिला चिकित्सालय कराया भर्ती, जिला अध्यक्ष राव ने की कार्रवाई की मांग।

कपासन न्यूज/ महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़ में चल रहे निर्माण कार्यों में गंभीर लापरवाही एवं अनियमितताएं सामने आई हैं।

निर्माण स्थल पर एक महिला श्रमिक के ऊपर पट्टी गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंचकर घायल श्रमिक को तत्काल सांवलिया जी चिकित्सालय पहुंचाया गया तथा उपचार प्रारंभ करवाया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रुकवाया गया। महाविद्यालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने शैक्षणिक कार्यों हेतु आवागमन करते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और निम्न गुणवत्ता (थर्ड ग्रेड) की सामग्री का उपयोग विद्यार्थियों एवं मजदूरों की जान को जोखिम में डालने जैसा है। यदि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होती है तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी। प्राचार्य महोदय से चर्चा में बताया गया कि संबंधित निर्माण कार्य कृषि विपणन बोर्ड के कार्यक्षेत्र में आता है तथा बोर्ड को पत्र प्रेषित किया जाएगा। कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय राव ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले को तुरंत प्रभाव से संज्ञान में लेकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो जयपुर आयुक्त को विस्तृत पत्र भेजकर उच्च स्तर से कार्रवाई करवाई जाएगी। इसके बावजूद भी अनदेखी की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी। मौके पर प्रदेश सह सचिव खुमेंद्र गुर्जर, छात्र नेता शुभम शर्मा, युवराज सिंह, महेश धनगर, लहेरू सहित कई छात्र मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। समस्त विरोध-प्रदर्शन एवं प्रशासन को दी गई। जानकारी कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय राव के नेतृत्व में संपन्न हुई।