रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़, 03 मार्च 2026। अवैध खनन, वन उपज तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम हेतु कार्यवाही के तहत थाना डूंगला पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक लोडिंग टेम्पो से 2915 किलोग्राम सागवान की अवैध लकड़ी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी के निर्देशानुसार एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी डूंगला मुकेश कुमार आरपीएस प्रोबेशनर व डूंगला थाना पुलिस टीम कानि. लक्ष्मीनारायण, जितेंद्र, विनोद, विष्णु कुमार व मालाराम द्वारा नियमित गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान लोडिंग टेम्पो में भारी मात्रा में सागवान की लकड़ी भरी हुई पाई गई। चालक से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस द्वारा मौके पर ही 2915 किलो सागवान की लकड़ी को जब्त कर वाहन को कब्जे में लिया गया तथा आरोपी 26 वर्षीय आरिफ खान पठान पुत्र सलीम खान पठान निवासी मुस्लिम मोहल्ला डूंगला थाना डूंगला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उक्त लकड़ी कहां से काटी गई तथा किन-किन व्यक्तियों की इसमें संलिप्तता है। थाना डूंगला पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से अवैध वन उपज तस्करी पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।















