पटोलिया में नव-निर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत और उप सरपंच मांगू सिंह राठौड़ का भव्य स्वागत, केलों से तौलकर किया गया अभिनंदन।

कपासन टाइम्स न्यूज/ रिपोर्टर अशोक शर्मा भूपालसागर 15 नवंबर। ग्राम पंचायत पटोलिया में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के बाद नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्वागत एवं अभिनंदन का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।

समारोह में ग्राम पंचायत पटोलिया के नव-निर्वाचित सरपंच श्री महेंद्र सिंह राणावत, उप सरपंच श्री मांगू सिंह राठौड़ तथा सभी वार्ड पंचों का साफा बंधाकर और माल्यार्पण कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र सिंह राणावत का केले से वजन कर किया गया ऐतिहासिक सम्मान रहा, जिसे देखकर उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सरपंच महेंद्र सिंह राणावत ने समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पटोलिया पंचायत का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गांव में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाई जाएंगी और मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, युवा साथी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।