संवादाता बन्शी लाल धाकड़ राजपुरा। 
बड़ीसादड़ी। बड़ीसादड़ी नगर के भारतीय स्टेट बैंक के सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को देख कर अभिभूत हो गये। किसी कार्य से शाखा प्रबंधक रजनीकांत वर्मा देवदा स्कूल के पास से होकर गुजर रहे थे। स्कूल का सुंदर दरवाजा एवं बड़ी संख्या में पेड़ों को देखकर उनकी देवदा स्कूल देखने की इच्छा हुई। वाहन चालक को स्कूल की तरफ गाड़ी लेने का इशारा किया। यह संयोग ही था कि स्कूल समय बाद भी दो बजे स्कूल खुला हुआ था और उसमें तीन शिक्षक व एक शिक्षिका वहां मौजूद मिले। जब शिक्षकों को पता चला कि एसबीआई के सहायक प्रबंधक स्कूल विजिट करने आये हैं। तो वहां पर मौजूद शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा, शिक्षक नरेंद्र सिंह तंवर, शिक्षक पूरणदास वैष्णव व शिक्षिका रुचि दवे ने स्वागत किया। शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा ने स्कूल विकास के लिए बरसों से चल रही अनूठी योजना एक दिन एक रुपया दान योजना के बारे में एसबीआई के सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा को जानकारी दी। एक रुपया प्रतिदिन स्कूल को देने की इस अनूठी स्कूल विकास की योजना से प्रभावित होकर एसबीआई सहायक प्रबंधक वर्मा ने उसी समय एक दिन एक रुपया दान योजना की सदस्यता ग्रहण करते हुए एक वर्ष की राशि तत्काल स्कूल के खाते में ट्रांसफर कर दी। विजिट के दौरान सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा ने कहा कि वे भविष्य में भी स्कूल को अपने सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते रहेंगे। विद्यालय में स्मार्ट कक्षाए, ऑटोमेटिक कालांश बेल, इनवर्टर, वाटर कूलर, स्नान घर, आधुनिक किचन, फर्नीचर, स्वच्छता, हरियाली एवं सुंदरता को देखकर सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा अभिभूत हो गए। इसके लिए सहायक प्रबंधक वर्मा ने विद्यालय को सहयोग करने वाले सभी ग्राम वासियों एवं शिक्षक – शिक्षिकाओं को साधुवाद दिया। सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा ने कहा कि जब सरकारी विद्यालय में शिक्षक – शिक्षिकाओं के साथ-साथ ग्रामवासी भी एक – एक रुपये के रुप में रोज सहयोग करते हैं तो निश्चित रूप से ऐसे प्रयासों के सुखद परिणाम प्राप्त होते हैं। स्कूल को सहयोग करने पर स्कूल के स्टॉफ ने सहायक प्रबंधक रजनीकांत वर्मा का शॉल एवं पगड़ी पहना कर अभिनंदन किया। इस अवसर मीठुसिंह मीणा व अमित कुमार भी मौजूद थे।















