रिपोर्टर रामसिंह मीणा।
बड़ीसादड़ी श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान द्वारा प्रत्येक रविवार को रामधुन के क्रम में 142 वी रामधुन आनंदधाम श्री राम द्वारा चौक से प्रातः 6:45 बजे प्रारंभ होकर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, ब्रह्मपुरी स्थित महादेव जी मंदिर , श्री चांदेसी माता मंदिर, श्री चारभुजा जी मंदिर होते हुए पर्यूषण पर्व के अंतिम दिवस संवत्सरी के
अवसर पर समता भवन पहुंची। राकेश कुमार मेहता के 11 उपवास की तपस्या के निमित्त अजीत कुमार,राकेश कुमार मेहता सहित पूरे मेहता परिवार ने रामधुन का अभिवादन किया। रामधुन के प्रारंभ में गायत्री मंत्र एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया ।समता भवन में पहुंचने पर सभी भक्तों ने मिलकर श्री नवकार मंत्र का सामूहिक जाप किया। इसके पश्चात धर्म सभा का आयोजन किया गया ।धर्म सभा को संबोधित करते हुए पूज्य संत श्री आदित्य मुनि जी म.सा. ने कहा कि शास्त्रों में राम से भी अधिक महत्व राम नाम के जाप का बताया गया है। जिस प्रकार संकट मोचन हनुमान जी महाराज के हृदय में राम का वास है उसी प्रकार हम सभी को भी राम नाम को हृदय में धारण कर सदैव राम नाम का सुमिरन करना चाहिए, यह हमें सभी संकटों से बचाता है। धर्म सभा में पूज्य संत श्री ने संकीर्तन भी करवाया तथा सभी प्रकार के व्यसनों से बचने का संकल्प करवाया। संत श्री ने रामायण की घटनाओं का व्याख्यान किया। धर्म सभा के अंत में समाज की ओर से साधु मार्गी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष राजमल भंडारी ने रामधुन में पधारे सभी भक्तों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया तथा नित्य प्रात 9:00 बजे से व्याख्यान में आने का आह्वान किया। रामधुन में पधारे सभी भक्तों को प्रभावना का वितरण किया गया















