मनसा महादेव व्रत कर विधि विधान से की पूजा।

रिपोर्टर गणेशी देवी। 

कपासन। मनसा महादेव व्रत को लेकर मेवाड़ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अगाध आस्था है। यह व्रत सावन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से शुरू होकर कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तक किया जाता है । संगीता तंबोली ने बताया कि, ऐसी मान्यता है की मनसा महादेव व्रत को करने से सभी मनोकामना पूर्ण होती है । इस व्रत को करने वाले श्रद्धालु सावन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर सुपारी पर कच्चा सूत लपेटकर महादेव बनाते हैं, जिसकी प्रत्येक सोमवार को पूजा अर्चना की जाती है। व्रत करने वाले श्रद्धालु सावन मास और कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की चतुर्थी और इसके बीच आने वाले प्रत्येक सोमवार को निर्जल निराहार रहकर भगवान की पूजा करते हैं, तथा कथा सुनने के बाद ही अन्न और जल ग्रहण करते हैं । यह भी माना जाता है की मनोकामना पूर्ण करने के लिए इस व्रत को कम से कम चार वर्ष तक किया जाता है ।