रिपोर्टर सुरेश कुमार कटारा कपासन न्यूज/ धोलागढ़ धाम|श्री पशुपति अघोर पीठ धोलागढ़ धाम में आयोजित दिव्य राम कथा का आज भव्य समापन हुआ। बीते आठ दिनों से चल रही इस राम कथा में श्रद्धालुओं ने भक्ति, प्रेम और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन प्रसंगों का रसपान किया।कथावाचक कमलेश भाई शास्त्री जी ने सरल भाषा में रामचरितमानस के विविध प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया,जिससे श्रद्धालु भावविभोर होते रहे।
कथा स्थल पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर भक्ति में लीन हुए और भजन, आरती एवं प्रवचनों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। समापन अवसर पर योगी प्रकाश नाथ महाराज की अगुवाई में विशाल भजन संध्या एवं संकीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसमें क्षेत्रीय संतों और भक्तों ने भाग लेकर माहौल को भक्ति से सराबोर कर दिया। (अब होगा श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ) रामकथा के समापन के साथ ही अब धोलागढ़ धाम में एक और दिव्य अध्यात्मिक यात्रा का प्रारंभ होने जा रहा है। आगामी शनिवार से श्री पशुपति अघोर पीठ, धोलागढ़ में श्रीमंत श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। इस सात दिवसीय कथा महोत्सव में व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य 1008 महामण्डलेश्वर श्री ईश्वरानंद जी महाराज (महर्षि उत्तम स्वामी महाराज) की दिव्य आध्यात्मिक परंपरा के प्रतिनिधि संत की उपस्थिति में भागवत कथा का आयोजन होगा। यह कथा आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, भक्ति और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का बोध कराएगा। श्रीमद्भागवत की अमृतमयी कथाएं मानव जीवन को धर्म, कर्म और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करती हैं। धोलागढ़ धाम में होने जा रही इस श्रीमद् भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में अत्यधिक उत्साह है। आयोजन समिति द्वारा कथा स्थल की भव्य सजावट, पांडाल व्यवस्था, प्रसाद वितरण और सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। कथा के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें क्षेत्रवासियों सहित दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालु भाग लेंगे। (धार्मिक चेतना का संगम) धोलागढ़ धाम पर इस वर्ष श्रावण मास के अवसर पर आयोजित हो रहे इस महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों ने पूरे क्षेत्र को अध्यात्ममय बना दिया है। जहां एक ओर राम कथा ने श्रीराम के आदर्शों की स्मृति दिलाई, वहीं अब भागवत कथा श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति भाव की गहराई से भक्तों को जोड़ेगी। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कथा में भाग लेकर जीवन को धन्य बनाएं और इस भक्ति पर्व का लाभ लें। “हरि कथा अमृत समान, पान करै जो धीर। भव सागर तरि जावही, होय भवभय नाश।” इस दौरान सेवादास महाराज,पूर्व मंत्री कनकमल कटारा, अशोक पटेल भाजपा ज़िलाध्यक्ष डूंगरपुर, हँसमुख पटेल, मनोज पंचाल भीलुड़ा, नारायण भाई गमेंती, नाथूभाई सुथारिया, शंकर मीणा सुथारिया, प्रेमा महाराज गद्दाजी गटेड, हवजी गटेड आदि उपस्थित रहे ।















