रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी। थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात गूगल मैप के सहारे रास्ता तलाश रहे श्रद्धालुओं की कार बनास नदी की पुलिया पार करते नदी में बह गई। हादसे में कार सवार दो महिलाएं एवं दो मासूम बालिकाएं बह गई। जबकि पांच को पुलिस व ग्रामीणों ने बचा लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूपालसागर थाना क्षेत्र के कानाखेड़ा निवासी एक गाडरी परिवार के 9 सदस्य मंगलवार को भीलवाड़ा जिले में सवाईभोज देव दर्शन के लिए गए थे। वापसी में यह लोग भीलवाड़ा में रुके तथा पुनः अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान गूगल मैप की सहायता ली जिससे बनास नदी पर सोमी-उपरेडा काजवे पर यह गूगल मैप की सहायता से पहुंच गए। मातृकुंडिया बांध से मंगलवार रात्रि 5 गेट खोले जाने से बनास नदी पूरे वेग से बह रही थी।
चालक ने कार को काजवे पर बह रहे पानी में उतार दी। काजवे में गिरने के साथ ही कार बहाव में बह गई। करीब 200 मीटर दूर बह कर जाने के बाद कार अटक गई। इस पर कार सवार लोगों ने कार के कांच तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। जिसमें पांच जने कार से निकल कर कार पर खड़े हो गए। वही दो महिलाएं एवं दो बालिकाएं कार से बाहर निकल कर कार पर खड़े लोगों के हाथ नहीं पकड़ सकी। जिससे वे बहाव में बह गई।कार सवार हितेश ने घटना की जानकारी फोन से परिजनों को देते हुए लोकेशन भेजी। पुलिस को सूचना मिलने पर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल मय टीम के मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लोकेशन के आधार पर एक नाव मौके पर भेजी गई। उपरेडा निवासी जब्बार पुत्र शरीफ खान व कांस्टेबल लोकेंद्र ने अपने जीवन की परवाह किए बिना नदी के बहाव के विपरीत जाकर पानी में कार पर खड़े पांचो लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया। बहाव में बही महिलाओं एवं बच्चियों की तलाश के लिए सिविल डिफेंस की टीम तड़के सवा 3 बजे मौके पर पहुंच गई। लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान सुबह शुरू हो पाया। रेस्क्यू टीम व ग्रामीणों की मदद से बहाव में बही चंदा पत्नी हेमराज गाडरी,ममता पत्नी मदनलाल गाडरी,खुशी पुत्री मदनलाल गाडरी के शव बाहर निकाल लिए गए। वहीं समाचार लिखे जाने तक रूत्वी पुत्री हेमराज गाडरी की तलाश जारी थी। इस दौरान मौके पर जिला कलेक्टर आलोक रंजन,जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी,कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर,अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचंद्र खटीक,उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा,तहसीलदार बेणी प्रसाद सरगरा मौके पर पहुंचे। कार में यह थे सवार-इस हादसे में कार में सवार सभी नौ लोग आपस में रिश्तेदार होकर गाडरी समाज के हैं। इनमें से मदनलाल (25) पुत्र देवीलाल, हितेश (16) पुत्र सोहनलाल, लीला (18) पत्नी देवीलाल, काव्यांश (9 माह) पुत्र मदन तथा आयांश (काना) (9 माह) पुत्र देवीलाल को ग्रामीणों व पुलिस ने बचा लिया। वहीं हादसे में चंदा (21) पत्नी हेमराज, ममता (25) पत्नी मदन,खुशी (4) पुत्री मदन तथा रूत्वी (6) पुत्री हेमराज बह गए। जिनमें से तीन के शव निकाल लिए गए। वहीं समाचार लिखे जाने तक रूत्वी की तलाश जारी थी। बन्द रास्ते पर ले गया मैप -जानकारी में सामने आया कि मातृकुंडिया बांध में पानी की आवक हुई थी। ऐसे में प्रशासन ने अलर्ट किया था। मंगलवार रात 10 बजे सायरन बजाकर बांध के पांच गेट खोले गए थे। वहीं प्रशासन ने बनास नदी के बहाव क्षेत्र में आने वाले रास्तों को अवरोध लगाकर बंद किए थे। कार सवार लोग पहले कार को सांखली मार्ग पर ले गए तो पुलिया के आगे जेसीबी खड़ी थी। इस पर ये गूगल मैप की सहायता से सोमी-उपरेडा मार्ग स्थित काजवे पर आ गए। जहां हादसे के शिकार हो गए। रिश्तेदारों ने किया था मना, फिर भी नहीं माने। पुलिस ने बचाए गए परिवार के सदस्यों से पूरी जानकारी ली। इसमें हितेश ने बताया कि मंगलवार सुबह 9.30 बजे घर से रवाना होकर वे गंगापुर होते हुए सवाई भोज दर्शन करने गए थे। वहां से देमाली दर्शन किए तथा भीलवाड़ा आए, जहां रिश्तेदार के यहां खाना खाया। रिश्तेदार ने रात ज्यादा होने का हवाला देते हुए रुकने को कहा था। लेकिन हितेश के साथ शामिल उसकी एक भाभी ने देवता का कारण बताते हुए रात रुकने से मना कर दिया था।















