रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी क्षेत्र के भीमगढ़ गांव में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री वीर तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय विशाल मेला 31 अगस्त 2025 से प्रारंभ होगा।
मेला आयोजन को लेकर वीर तेजा मेला कमेटी एवं वीर तेजा नवयुवक मंडल द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित होने वाले इस मेले में आसपास के गांवों से बडी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले के दौरान 31 अगस्त से 2 सितंबर तक रात्रिकालीन मंच पर तेजाजी महाराज की जीवनी का मंचन किया जाएगा। वहीं, 1 और 2 सितंबर को दिन में गवरी नृत्य तथा रात्रि में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 31 अगस्त एवं 1 सितंबर को दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेता टीम को ₹11हजार तथा उपविजेता टीम को ₹51सौ के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वीर तेजा नवयुवक मंडल अध्यक्ष सांवरमल सुथार ने बताया कि इस वर्ष 350 से अधिक मनिहारी, खिलौना, आइसक्रीम, चाय-नाश्ता एवं अन्य प्रकार की दुकानों का अस्थाई पंजीकरण हो चुका है। साथ ही गुजरात, मध्यप्रदेश एवं अन्य क्षेत्रों से झूले, चक्करी, ट्रेन, ड्रेगन व विभिन्न मनोरंजन साधन भी लगाए जाएंगे। मेला आयोजन को लेकर प्रशासनिक एवं स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। मेला कमेटी द्वारा सभी को निशुल्क स्टॉल आवंटन किया गया है। आयोजन की सुव्यवस्था हेतु वीर तेजा नवयुवक मंडल ने अलग-अलग कार्यों का विभाजन कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। साथ ही पेयजल, शांति व्यवस्था, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कबड्डी प्रतियोगिता आदि के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।















