रिपोर्टर आज़ाद मंसूरी
कपासन न्यूज/ राशमी उपखंड क्षेत्र के उपरेड़ा–सोमी मार्ग पर बनास नदी पुल से बही बालिका रुत्वी का शव शनिवार, चौथे दिन भी शाम तक नहीं मिल पाया। सिविल डिफेंस टीम और एसडीआरएफ टीम द्वारा उपरेड़ा से लेकर ऊँचा तक बनास नदी में एवं एनीकटों के किनारों पर लगातार तलाश की जा रही, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। जानकारी के अनुसार मुरोली, मरमी, पहुँना, ऊँचा आदि स्थानों पर भी खोज अभियान चलाया गया।दोनों टीमें तथा उनके साथ शामिल 10 तैराकों की टीम सुबह से ही रुत्वी के शव की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस एवं प्रशासन भी टीमों के साथ लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेस्क्यू अभियान के तहत रुत्वी के शव की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।जिला प्रशासन के निर्देशन में राशमी प्रशासन की पूरी टीम लगी हुई है। उपरेड़ा से सांखली तक ड्रोन कैमरे की भी मदद ली जा रही है, लेकिन अब तक रुत्वी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।















