रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी थाना क्षेत्र के मातृकुंडिया एनिकट पर मंगलवार तड़के एक कार पानी में गिर गई। गनीमत रही कि कार चालक, कपड़ा व्यापारी मुकेश जैन ने सूझबूझ दिखाते हुए दरवाजा खोलकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार मुकेश जैन अपने गांव पोटला से राशमी स्थित अपनी कपड़ों की दुकान खोलने आ रहे थे। इसी दौरान मातृकुंडिया बांध के गेट खुले होने के कारण मातृकुंडिया एनिकट पर पानी का बहाव तेज था। एनिकट पार करते समय कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी में जा गिरी।कार गिरने के बाद चालक दरवाजा खोलकर बाहर निकला और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में क्रेन और ग्रामीणों की सहायता से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि मातृकुंडिया एनिकट पर इस तरह के हादसे अक्सर होते रहते हैं। बांध के गेट खुले रहने से नदी में तेज बहाव बना रहता है और एनिकट पर बैरिकेडिंग न होने के कारण चालकों को रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाएं घटित होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां स्थाई बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।















