दुकान में घुसकर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्टर राकेश कुमावत। कपासन न्यूज/ राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र से एक मारपीट की गंभीर वारदात सामने आई है। पुलिस थाना रेलमगरा ने दुकान में घुसकर दुकानदार पर हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुदर्शन सोनी, निवासी गिलुण्ड, ने 8 नवंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका अभियुक्त शंकरलाल गाडरी निवासी कोलपुरा-कुण्डिया से चौक अनादरण (धन वापसी) का मुकदमा रेलमगरा न्यायालय में चल रहा है। इसी रंजिश के चलते शंकरलाल प्रार्थी से नाराज़ था और पूर्व में उसे धमकी दे चुका था कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। रिपोर्ट के अनुसार, 7 नवंबर 2025 की दोपहर करीब डेढ़ बजे जब सुदर्शन अपनी सोन-चांदी की दुकान पर काम कर रहा था, तभी शंकरलाल अपने साथी गणपतलाल उर्फ मोनु आचार्य, निवासी गिलुण्ड, के साथ दुकान में घुस आया। उस समय शंकरलाल के हाथ में स्टील का पाइप और मोनु के हाथ में लाठी थी। दोनों ने मिलकर सुदर्शन पर हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार पारीक तथा वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत के सुपरविजन में, थानाधिकारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।