सर्राफा एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, गिरवी सोने चांदी की रकमों से आहत व्यापारियों की पीड़ा बताई।

रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ । सोने-चाँदी के भावों में अत्यधिक तेजी के कारण गिरवी व बेचने की रकम वापस करने के नाम पर व्यापारियों को डराने, धमकाने व प्रताड़ित करने की घटना को लेकर चित्तौड़गढ़ सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार सर्राफा एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में समस्त सर्राफा व्यापारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर पीड़ा बताई और इस तरह की घटनाओं को देखते हुए व्यापारी हित में सुरक्षात्मक कदम उठाने, पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करा कर व्यापारियों को राहत दिये जाने की मांग की। एसोसिएशन द्वारा दिये गये ज्ञापन में बताया कि जो माहौल पैदा हो रहा है वह सर्राफा व्यापारियों के दुःख व मानसिक पीड़ा का कारण बनता जा रहा है और चित्तौड़गढ़ के सर्राफा व्यापारी भी पीड़ित हो रहे हैं। वर्षों पहले रकम गिरवी रखने का हवाला दिया जा रहा है, जिसकी न कोई लिखापढ़ी है और न ही कोई तथ्य। गिरवी की रकम जबरन वापस करने के लिये व्यापारी को डराना, धमकी देना, मारपीट करना, व्यापारी को झूठे केस में फसाने की धमकी देना, दुकान में तोड़फोड़ करना व व्यापारी को ब्लेकमेल करने की घटना से व्यापारीगण आहत में है। यहां तक कि महिलाओं को आगे कर व्यापारियों पर जबरन आभूषण छोडने के लिए दबाव भी बना रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार इनमें कुछ तो ऐसे लोग भी है जिन्होंने आभूषण गिरवी भी नहीं रखे, इसके बावजूद डरा धमका कर दबाव बना रहे हैं। इससे व्यापारियों में भय का माहौल है। सभी ने एक मत से इस तरह की घटनाओं को देखते हुए व्यापारी हित में कदम उठाने और पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। इस दौरान राजस्थान सर्राफा संघ के महामंत्री किशन पिछोलिया, चित्तौड़गढ़ सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र भड़कतिया, मंत्री शिव काबरा, कोषाध्यक्ष ललित बोहरा, सुरेश डांगी, हंसराज अब्बानी, अखिल अब्बानी, स्वर्णकार सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष नारायणलाल सोनी, मंत्री पुष्कर सोनी, किशन सोनी, विनोद, पुष्कर आदि मौजूद रहे।