अवैध अफीम प्रकरण में 10-10 साल कारावास व अर्थदंड से दंडित।

रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 07 फरवरी। न्यायालय विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस प्रकरण सं. 2 चित्तौड़गढ़ के पीठासीन अधिकारी अचला आर्य ने तीन किलो अवैध अफीम के मामले के निर्णय में दो अभियुक्तों को 10-10 वर्ष कठोर कारावास व 1-1 लाख अर्थदण्ड सहित 12 माह अतिरिक्त कारावास से दण्डित किया। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोकअभियोजक उमा शंकर दाधीच ने बताया कि 03 अप्रेल 2017 को प्रकरण संख्या 106/2017 प्रथम सूचना रिपोर्ट 97/17 थाना सदर निम्बाहेड़ा जब्ती अधिकारी प्रवीण सिंह ने दौराने नाकाबन्दी सांकरिया चौराहा पर तीन वीडियोकोच बसे आई जिसको इंचार्ज थाना द्वारा रूकने का इशारा किया तो उसमें से दो व्यक्ति बस में उतर कर भागने लगे। जिनका पीछा कर उनको पकड़ कर नजदीक टोलनाके पर लाए। नाम पता पुछने पर सुरेश व जगमालाराम होना बताया। ये घबराए हुए थे। इनके पास एक बैग था। घबराने की वजह पूछने पर संतोषप्रद जवाब नहीं दिया जिससे इनके पास अवैधानिक वस्तु होने की संभावना बढ़ी। तलाशी ली तो इनके कब्जे शुदा बैग से दो प्लास्टिक की थैलियाँ मिली जिनमें अफीम पाई गई। वजन करने पर एक का वजन 2 किलो व एक का एक किलो होकर कुल वजन तीन किलो रहा। परिवहन करने बाबत् लाईसेन्स या अनुज्ञापत्र के बारे में पूछा तो नहीं पाया गया। इस प्रकार इनका यह कृत्य 8/18 एनडीपीएस एक्ट 1985 का अपराध होना पाया गया। विशेष लोक अभियोजक ने न्यायालय में 13 गवाह 40 प्रदर्श व 11 आर्टिकल पेश किये। जिस पर न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए उक्त दोनों अभियुक्तगणों को 10-10 वर्ष कठोर कारावास व 1-1 लाख रुपये अर्थदंड व अदम अदायगी में 12 माह के अतिरिक्त कारावास से दण्डित किया।