स्काउट व गाइड तृतीय सोपान का तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण व जिला स्तरीय गतिविधियां लक्ष्मीपुरा में प्रारंभ।

संवादाता बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा। बड़ीसादड़ी। स्काउट हमें देश भक्ति के जज्बे के साथ जीना सिखाता है। यह विचार उपखंड के लक्ष्मीपुरा के शेखावत पार्क में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के तृतीय सोपान का तीन दिवसीय प्रशिक्षण के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि हीरालाल मेनारिया ने गुरुवार को व्यक्त किए। स्थानीय संघ स्काउट के पूर्व सचिव व मुख्य अतिथि हीरालाल मेनारिया ने कहा कि स्काउट एवं गाइड विषम परिस्थितियों एवं अभाव में भी आनंद के साथ जीवन जीने के कौशल सीखाता है। स्काउट हमें किसी भी परिस्थिति में जीवन को बेहतर ढंग से अल्हड़ एवं मस्ती के साथ जीना सिखाता है। मुख्य अतिथि हीरालाल मेनारिया ने उपस्थित स्काउट एवं गाइड से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियों से विद्यार्थियों के साथ साझा की। मुख्य मेनारिया ने विद्यार्थियों को जोड़ते हुए उनको “दीवार पर बैठे चार कबूतर सुन्दर गाना गाए” गीत बुलवाया तो सभी विद्यार्थी प्रसन्नता से हंस उठे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही लक्ष्मीपुरा स्कूल की प्रधानाचार्या लक्ष्मी रेगर ने कहा कि स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों में सेवा, श्रम एवं समर्पण की भावना जागृत करता है। स्काउट व गाइड अभावों में भी संघर्षों के साथ जीना सिखाता है। स्काउट व गाइड हमें स्वावलंबन की सीख देता है। स्वयं के कार्यों के लिए दूसरों पर आश्रित नहीं रहने की प्रेरणा देता है। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ बड़ीसादड़ी के सचिव चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान स्काउट एवं गाइड द्वारा जिला स्तरीय आयोजन भी होंगे जिसमें प्रथम दिन स्वच्छता पखवाड़ा एवं पोषण दिवस दूसरे दिन जल संरक्षण पखवाड़ा, तीसरे दिन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ संबंधी विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए चंद्रकांत शर्मा ने कहा कि स्काउट एवं गाइड हमें समाज एवं देश सेवा के साथ-साथ विश्वबंधुत्व की भावना की सीख भी देता है। शर्मा ने कहा कि स्काउट एवं गाइड को अनुशासन का प्रहरी माना जाता है। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया। तीन दिन चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक के 300 से विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर स्काउट शिविर संचालक हेमराज रावत, राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ बड़ीसादड़ी के सचिव चन्द्रकांत शर्मा, प्रशिक्षक मन्नालाल मेघवाल, मोहन लाल सालवी, रामेश्वर लाल सालवी, किशनलाल जाट, धूलेश्वर डामोर, अमजद खां पठान, गाइड शिविर संचालक मनोरमा पण्ड्या, भानु गोस्वामी, चेतना लड्ढा, सीमा शर्मा, कृष्णार्जुन पार्थभक्ति, शिक्षक नवनीत जाट, कब बुलबुल के प्रशिक्षक जवान सिंह मीणा व शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा मौजूद थे।