महाशिवरात्रि पर श्री गंगेश्वर महादेव मंदिर में भव्य श्रंगार, शोभायात्रा और विविध आयोजन होंगे।

रिपोर्टर जनक दास वैष्णव। कपासन न्यूज/ निम्बाहेडा़। छोटी सादड़ी उपखंड मुख्यालय के बंबोरी रघुनाथपुर स्थित प्राचीन शिवालय श्री गंगेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष सजावट और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला दिनभर चलेगा। सवा 100 फीट गहरी गुफा में स्थापित भगवान गंगेश्वर महादेव के दर्शन हेतु भक्तों की ताता लगा रहेगा। मंदिर मंडल कमेटी के अनुसार महोत्सव को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया है। समस्त ग्रामवासियों द्वारा भगवान श्री गंगेश्वर महादेव की भव्य शोभा यात्रा का आयोजन रविवार सुबह 10 बजे गांव के बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर से निकाली जाएगी। जुलूस नगर भ्रमण करते हुए मुख्य मंदिर परिसर पहुंचेगा, जहां विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके अलावा श्री गंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे से मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें भजनों की धार्मिक प्रस्तुतिया दी जाएगी । मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं के लिए दिनभर महाप्रसाद की व्यवस्था की है। शाम को विशेष पूजा-अर्चना के बाद रात्रि 10 बजे भव्य महाआरती संपन्न होगी। इसके पश्चात भगवान गंगेश्वर महादेव को महाभोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा। क्षेत्र के श्रद्धालु और आसपास के गांवों के भक्त बड़ी संख्या में शामिल होकर महाशिवरात्रि की पूजा-अर्चना का लाभ लेंगे।