रिपोर्टर – आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी क्षेत्र में पवित्र रमजान माह शुरू होते ही मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रमजान की पहली ही सुबह से मस्जिदों में नमाज अदा करने वालों की भीड़ बढ़ गई है। फज्र, जौहर, असर, मगरिब और ईशा की नमाज के साथ विशेष तरावीह की नमाज में भी बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हो रहे हैं।रमजान इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र महीना माना जाता है। इस महीने में रोजेदार सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं। सेहरी के समय लोग सुबह जल्दी उठकर रोजा रखते हैं और शाम को अजान के साथ इफ्तार कर रोजा खोलते हैं। मस्जिदों में कुरआन पाक की तिलावत और विशेष दुआओं का सिलसिला भी जारी है।स्थानीय मस्जिद को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे शाम के समय विशेष रौनक दिखाई दे रही है। रोजेदारों में सेवा और दान-पुण्य की भावना भी देखने को मिल रही है तथा सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जा रहा है।इमाम साहब ने बताया कि रमजान आत्मसंयम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। इस पवित्र महीने में लोग बुराइयों से दूर रहकर नेक कार्यों में समय व्यतीत करते हैं। पूरे माह क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रमों और इबादत का माहौल बना रहेगा।















