5 अप्रैल से शुरू होंगी स्थानीय परीक्षाएं, पेपर की अवधि 3 घंटे15 मिनट रहेगी, 1मई से नए सत्र के शुरू होंगे दाखिले।

रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट। स्कूल स्तर पर होगी कक्षा-6 और कक्षा-7 की परीक्षा।   श्रीगंगानगर। वर्ष 2024 की स्थानीय परीक्षाओं का आयोजन 5 अप्रैल से 30 अप्रैल के मध्य किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी नए निर्देशों के अनुसार शिक्षा विभाग ने 9वीं तथा 11वीं के साथ स्थानीय परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव कर दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले विभाग की ओर से जारी शिविरा पंचांग के अनुसार स्थानीय परीक्षाएं 8 अप्रैल से 25 अप्रैल के मध्य आयोजित की जानी थी परंतु राज्य में दो चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के चलते इन तिथियों की अवधि बढ़ाकर शिथिलन दिया गया है। दरअसल राज्यभर में बोर्ड परीक्षाओं का समापन 4 अप्रैल को रहा है इसके साथ ही प्रदेश में 19 तथा 26 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इस कारण पूर्व निर्धारित 18 दिनों में स्थानीय परीक्षाओं का आयोजन संभव नहीं हो पा रहा था। इसके चलते विभाग की ओर से परीक्षा तिथियों में यह संशोधन किया गया है। बता दें कि पहले चरण में श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर जबकि दूसरे चरण में टोंक-सवाई माधौपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां में वोटिंग होनी है। चुनाव की इन्हीं तिथियों के अनुसार समय सारणी का निर्धारण किया जाना है। 30 अप्रैल को वार्षिक परीक्षाओं के समापन के साथ ही नए सत्र में प्रवेश 1 मई से शुरू हो जाएंगे। विभाग के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही समय सारणी का निर्धारण किया। जिला शिक्षा अधिकारी तथा समान परीक्षा योजना के अध्यक्ष गिरजेश कांत शर्मा के मुताबिक विभाग के नए दिशा -निर्देशों के अनुसार ही समय सारणी का निर्धारण किया जाएगा। जिला कार्यालय की ओर से जारी की जाने वाली समय सारणी में वर्णित समस्त विषयों के प्रश्न-पत्र समान परीक्षा योजना द्वारा उपलब्ध करवाए जाएंगे। जबकि शेष विषयों की व्यवस्था संस्था प्रधान को विद्यालय स्तर पर करनी होगी। हर वर्ष की भांति इस साल भी 9वीं के पेपर एक पारी जबकि 11वीं के कुछ पेपर 2 पारियों में भी आयोजित किए जाएंगे। “वार्षिक परीक्षा-2024 के क्रम में 9वीं और 11वीं के गैर प्रायोगिक विषयों के लिए 100 अंकों के पेपर होंगे। जबकि प्रायोगिक विषयों के लिए 70 अंक निर्धारित हैं। चित्रकला और संगीत का सैद्धांतिक पेपर 30 अंकों का होगा। पेपर की अवधि 3:15 घंटे रहेगी। जबकि परीक्षा परिणाम 7 मई को जारी किया जाना है। भूपेश शर्मा,  जिला समन्वयक, विद्यार्थी सेवा केंद्र, श्रीगंगानगर। वार्षिक परीक्षा की संशोधित तिथियां के उपरांत कक्षा-9 तथा कक्षा-11 के प्रश्न-पत्र प्रत्येक जिले की समान परीक्षा योजना द्वारा स्कूलों को वितरित किए जाएंगे। जबकि कक्षा-6 तथा कक्षा-7 की परीक्षा भी स्कूलों को 5 से 30 अप्रैल के मध्य ही आयोजित करवानी होगी। इन कक्षाओं की समय सारणी का निर्धारण तथा प्रश्न-पत्र का निर्माण भी विद्यालय स्तर पर चलते हैं।