रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ । निकटवर्ती सिंहपुर स्थित जूबिलेंट फैक्ट्री के धूँए व निकलने वाले केमिकल सिलिका से आस पास के क्षेत्र की जमीनें, नीचे का पानी, फसलें व गायों के चारा आदि खराब होने से परेशान किसानों को कृषि विभाग व प्रदूषण मंडल अधिकारियों से राहत की आस में लगातार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। एक बार फिर दोनों विभागों में ज्ञापन सौंप कर कार्यवाही की मांग की गई। गांव के मदनलाल पिता गोपीलाल जाट के अनुसार पहले भी इन समस्याओं को लेकर कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन के माध्यम से निरन्तर अवगत कराया जाता रहा है। पुनः कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें बताया कि जूबिलेंट फैक्ट्री के निरन्तर निकलने वाले धूंए से आस पास की फसलें खराब हो गई। वर्तमान में गेहूं, सरसों, चने, लहसून की फसलें खराब हो चुकी है। फैक्ट्री के केमिकल सिलिका गिरने से जमीन खराब होकर बंजर हो चुकी है। ट्यूबवेलों के अंदर पानी खराब हो रहा है। पानी से उपजी जहरीली घास खाने से पशु बीमार हो रहे हैं, मर रहे हैं। किसानों की कमाई भारी प्रभावित हो रही है। किसान दर दर भटक रहे हैं। पूर्व में दिये ज्ञापन पर भी किसानों को कोई भरपाई नहीं दी गई वहीं वर्तमान में जो नुकसान हो रहा है उस पर यदि समय रहते कार्यवाही नहीं की गई तो किसानों आस पास के क्षेत्र में मनुष्य, पशु, पेड़ पौधों का जीना दुश्वर हो जाएगा।















