रिपोर्टर मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़, 09 मार्च 2026। डूंगला थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा थाने में मादक पदार्थ की तस्करी में दो साल से वांछित तीन हजार रुपये के ईनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में डूंगला थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे तीन हजार रुपये के ईनामी अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार सिरोही जिले के थाना पिंडवाड़ा क्षेत्र में दर्ज अफीम तस्करी के मामले में आरोपी नरेश पुत्र कैलाश जाट निवासी डूंगला, थाना डूंगला जिला चित्तौड़गढ़ वर्ष 2023 से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पहचान छुपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। डूंगला थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी नरेश अपने घर आया हुआ है। सूचना पर थाना डूंगला के पुलिस जाब्ता द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से दस्तयाब कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्यवाही के बाद अग्रिम अनुसंधान हेतु थाना पिंडवाड़ा, जिला सिरोही को सूचित किया गया है। इस कार्यवाही में थाना डूंगला के थानाधिकारी मुकेश कुमार आरपीएस प्रोबेशनर तथा कांस्टेबल विष्णु कुमार, जयप्रकाश व पवन की विशेष भूमिका रही जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।















