रिपोर्टर योगेश कुमार गुप्ता
कपासन न्यूज/ बस्सी (जयपुर ग्रामीण) बांसखोह कस्बे में बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग जगहों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कोली मोहल्ले स्थित दुर्गा माता के मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर मंदिर से चांदी का छत्र व अन्य सामान चोरी कर लिया। इसी मोहल्ले में राधेश्याम कोली पुत्र स्व. नारायणलाल कोली के मकान में भी चोरी हुई।
राधेश्याम ने बताया कि उनका बेटा पिछले एक महीने से बीमार था, जिसका इलाज करवा रहे थे। दुख की बात यह रही कि इलाज के दौरान करीब पांच दिन पहले बेटे का निधन हो गया, जिससे वे भाई के पास रह रहे थे और घर पर ताला लगा था। इस दौरान चोरों ने मकान का ताला व कुंदी तोड़कर सामान चुरा लिया। वहीं पास में ही रहने वाले डालचंद महावर पुत्र नाथूलाल महावर, जो कि दिल्ली में रहते हैं, उनके कमरे में भी चोरों ने कुंदी तोड़कर चोरी की वारदात की। राधेश्याम ने बताया कि घर में क्या-क्या कीमती सामान था, इसकी जानकारी केवल उनकी पत्नी को है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है। चोरी की इन दो घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।















