दुर्घटना बीमा की राशि मय व्यय दिलाने के आदेश।

रिपोर्टर पंडित मुकेश कुमार कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 05 अगस्त। न्यायालय स्थायी लोक अदालत चित्तौड़गढ़ के पीठासीन अधिकारी राजेन्द्रप्रसाद शर्मा, सदस्यगण विमला सेठिया, प्रदीप काबरा ने अपने एक निर्णय में दुर्घटना बीमा धारक को विपक्षी भारतीय जीवन बीमा निगम से 60 हजार रुपये मय परिवाद व्यय, हर्जा खर्चा के दिये जाने के आदेश दिये। प्रकरणानुसार बेगूं तहसील के आकोदिया निवासी परिवादी गोपाललाल बंजारा पिता बिहारीलाल जी ने जरिए अधिवक्ता खूमराज कुमावत, रतन कुमावत के एक परिवाद न्यायालय स्थायी लोक अदालत में इस आशय का पेश किया कि परिवादी महाराष्ट्र में आकोला के पास 11 मई 2022 को कम्बल बेचने मोटरसाइकिल से जा रहा था कि एक अज्ञात ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मारने से परिवादी साईड में गिर गया, हड्डियाँ टूट गई व कई जगह चोटें और बेहोश हो गया। अज्ञात वाहन से वहां से भाग गया। अन्य लोगों द्वारा परिवादी को महाराष्ट्र स्थित बोरडे अस्पताल, कोरवे मल्टीस्पेश्यलिटी अस्पताल आकोला में भर्ती कराया जहाँ उसका ऑपरेशन हुआ। इसके बाद भीलवाड़ा स्थित मिश्रा हॉस्पीटल, रामस्नेही हॉस्पीटल, केशव हॉस्पीटल में ईलाजरत रहा। परिवादी ने विपक्षी के यहां से दुर्घटना बीमा करा रखा था जिसकी किश्तें परिवादी बराबर जमा कराई गई। परिवादी ने दुर्घटना बीमा राशि की मांग की तो बीमा कंपनी ने देने से इंकार कर दिया। न्यायालय ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के पश्चात परिवादी का परिवाद स्वीकार करते हुए बीमा कंपनी को वर्ष 2023 से 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष के हिसाब से दस वर्ष तक की राशि 60 हजार रुपये परिवादी को दिलाने का आदेश दिया साथ ही वकील मेहनताना व प्रार्थना पत्र व्यय के 5 हजार रुपये अलग से दिलाने का आदेश दिया।