रिपोर्टर रामसिंह मीणा रघुनाथपुरा।
बड़ी सादड़ी श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान बड़ी सादड़ी द्वारा प्रति रविवार रामधुन के क्रम में 130 वी रामधुन नगर पालिका परिवार के आग्रह पर अच्छी बरसात की कामना से तालाब पर पहुंची। प्रातः 6:45 बजे आनंद धाम श्री राम द्वारा चौक से प्रारंभ होकर रामधुन नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए तालाब पर पहुंची, जहां पर नगर पालिका परिवार के द्वारा रामधुन का स्वागत किया गया।
तालाब पर सभी भक्तों ने विजय मंत्र के जाप के पश्चात हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। आज की रामधुन में पूज्य संत श्री अनंत राम जी महाराज के निर्देशानुसार गुरुदेव श्री सुखसंपत राम जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य की कामना से राम नाम का जाप किया तथा सभी को गुरुदेव की इच्छा अनुसार प्रसाद का वितरण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया ने रामधुन में पधारे सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी परमात्मा से क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना से प्रार्थना करें ताकि तालाब सहित सभी जल स्रोत पानी से लबालब हो जाए। रामधुन के पश्चात तालाब में विशेष यज्ञ का आयोजन भी किया गया। एडवोकेट रघुवीर सिंह झाला ने 18 जून को हल्दीघाटी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की जानकारी दी तथा सभी से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता का आह्वान किया ।बालाजी संस्थान की ओर से गोपाल सिंह चरपोटिया ने शानदार व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया ।कार्यक्रम में पार्षद गण राजनीतिक दल के पदाधिकारी सहित प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।















