संवादाता बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा।
छोटीसादड़ी, हिंदू धर्मशाला में चल रही सप्त दिवसीय गौकथा का समापन धूमधाम से हुआ।इस अवसर पर कथा व्यास दशरथानंद सरस्वती ने कहा गाय विश्व की माता है और वैसे तो सभी समाज के साथ माता का रिश्ता है लेकिन ब्राह्मण का गाय के साथ दो रिश्ते हैं। हमारे धर्म ग्रंथों में लिखा है ब्राह्मणाश्चैव गावश्च कुलमेकं द्विधा कृतम्।एकत्र मन्त्रास्तिष्ठन्ति सविरन्यत्र तिष्ठति। ब्राह्मणों के हृदय में वेदमन्त्र निवास करते हैं और गौओं के हृदय में हवि रहती है, इसलिए गाय और ब्राह्मण का एक गोत्र है।स्वगोत्रीय होने से ब्राह्मण और गाय भाई बहन हुए,जिस प्रकार रक्षाबंधन के माध्यम से धर्म भाई बहन का रिश्ता बनाते हैं उसी प्रकार अन्य वर्ण के लोग भी गाय से धर्म बहिन का रिश्ता भी जोड़ सकते हैं। जिस प्रकार हम अपनी बहिन को भात पहनाते हैं कम से कम एक बार गायों को भी भात पहनाया जाना चाहिए और इनको सोने चांदी की आवश्यकता नहीं है। इन्हें तो हरी अथवा सूखी घास या लपसी को अथवा बंटे को प्रसाद के रूप में भोग लगाकर भी भात भरा जा सकता है। जिससे प्रेरित होकर छोटी सादड़ी नगर के गो भक्तों ने जमलावदा गोशाला में मायरा (भात भरने)ले जाने का निर्णय लिया जो छोटीसादड़ी से सायं 4 बजे हिंदू धर्मशाला से सभी गोभक्त एकत्रित हो कर विभिन्न मार्गों से होते हुए 6 बजे जमलावदा गांव पहुंचेगा जिसमें नीमच के गौ प्रसादम् परिवार सहित अन्य भक्तों को भी निमंत्रण दिया और मायरे में किसी भी प्रकार वस्त्राभूषणों के बजाय केवल गायों के लिए भोजन सामग्री लाने का निवेदन किया गया है।गौ प्रसादम् परिवार नीमच द्वारा भी एक ट्राली हरी घास मायरे में लाई जावेगी। गोवंश का सनातन धर्म सहित मानव जीवन में बहुत महत्व है। सोलह संस्कार में गाय के बिना कोई भी संस्कार संपन्न नहीं होता है और आज अज्ञानता के कारण अथवा गोवंश के प्रति उदासीनता के कारण कोई भी संस्कार विधिवत नहीं हो रहे हैं। गाय धर्म अर्थ काम मोक्ष तथा भक्ति प्रदान करती है।















