रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत।
कपासन। मेवाड क्षेत्र के परम तपस्वी तेजस्वी वयोवृद्ध महन्त श्री चेतनदासजी महाराज द्वारा स्थापित सावलिया धाम आश्रम, मुगाणा (कपासन) में आगामी 21 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव की पूर्व तैयारियों को लेकर मन्दिर परिसर में सावलिया धाम आश्रम एवं स्थानीय प्रबुद्धजनो की बैठक सम्पन्न हुई जिसमे आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विचार-विमर्श किया गया। आश्रम के उत्तराधिकारी सन्त श्री अनुजदासजी महाराज एवं सन्त श्री रामपालजी महाराज ने बैठक के प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में अवगत कराया तथा वांछित सुविधाओं के प्रबन्धन के बारे में चर्चा की। बैठक में विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के लिए पृथक् पृथक् कमेटियों का निर्माण किया गया तथा 19 जुलाई से प्रारम्भ होने वाले त्रिदिवसीय अनुष्ठान को हर्षोल्लास से मनाये जाने की अपील की। लगभग पचास वर्षों से सतत आयोजित होते आ रहे इस उत्सव मे प्रतिवर्ष सम्पूर्ण मेवाड व मालवा क्षेत्र तथा गुजरात से श्रद्धालुजन एकत्रित होकर इस पुण्यकर्म के सहभागी बनते है। श्री अनुजदासजी महाराज ने बताया कि 19 जुलाई को आश्रम परिसर में संचालित ‘चेतन-वेदगुरुकुलम् में नव-प्रविष्ठ विद्यार्थियों का यज्ञोपवित संस्कार सम्पन्न होगा। 20 जुलाई को प्रात नगर में हरिबोल प्रभात फेरी के साथ जन-जागरण होगा तथा प्रातः आठ बजे आगन्तुक सन्त विशाल शोभा यात्रा के साथ नगर भ्रमण करेंगे । 11 बजे आश्रम परिसर में सन्तों का महाप्रसाद व उनकी विदाई का कार्यक्रम होगा। इसी दिन रात्रि 8 बजे से भजन संध्या प्रारम्भ होगी जो अगले दिन मोर तक चलेगी । 21 जुलाई प्रातः ब्रह्मलीन गुरुदेव श्री बिहारीदासजी महाराज की छवि को सुसज्जित कर भव्य शोभा यात्रा के साथ हजारों अद्धालु भक्तजन नगर भ्रमण करेंगे और हरिनाम संकिर्तन व भजनादि के साथ नृत्य करते हुए मुंगाणा-धाम को आध्यात्मिक- नगरी का स्वरूप प्रदान करेंगे। आश्रम-परिसर में गुरु-पूजन के बाद अन्य कथावाचकों द्वारा भगवान श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन होगा। महामण्डलेश्वर श्री चेतनदासजी महाराज के दर्शनों के साथ ही गुरु-पूजन व कण्ठी-प्रसाद के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहेगा। श्रद्धालु शिष्य अपने गुरुदेव का दर्शन कर अपने-आप को धन्य समझेंगे। बैठक में नगर के प्रबुद्धजनों ने सारी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन से अनुरोध किये जाने का सुझाव दिया । सारी व्यवस्थाओं में तन-मन से समर्पण भाव से अपनी भागीदारी निभाने हेतु आश्वान्वित करते हुए बैठक सम्पन्न हुई।















