रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत। 
कपासन। नगर सहित ग्रामीण में दस दिवसीय गणेश महोत्सव की कहीं डंडियों की खनक तो कही मेवाड़ी परंपरा अनुसार गवरी के आयोजन के साथ धूमधाम से शुरुआत की गई।शनिवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विघ्नहर्ता प्रभु श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इसी के साथ दस दिवसीय महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। यह महोत्सव अनंत चतुर्दशी तक चलेगा।इसमें विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कस्बे में मुख्यतः दस स्थानों पर गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।इनमें लोडकीया बाजार गणेश चौक में शनिवार रात्रि आठ बजे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई।यह स्थल कस्बे का प्रमुख आयोजन स्थल हैं।जहां आकर्षक पंडाल और विद्युत सजावट की गई है।इसके अतिरिक्त कृष्ण सुदामा चौक, सगस बावजी मित्र मंडल की ओर से नंदवाना पंचायत भवन, खारी बावड़ी बालाजी, बड़ा खेत बस्ती, श्री कल्याणराय जी मंदिर चौक, सोमानी मोहल्ला और सिरोया मोहल्ला चोक में भी गणेश महोत्सव का आयोजन शुरू हो गया है। इन स्थानों पर विधिपूर्वक पूजा अर्चना की गई और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की।महोत्सव के दौरान प्रत्येक रात को विभिन्न आयोजन स्थलों पर गरबा, डांडिया रास और कई प्रकार की नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।















