संपादक कालूराम कुमावत।
टोंक में थप्पड़ कांड के आरोप में कांग्रेस के बागी नेता नरेश मीणा 14 दिसंबर से जेल में बंद हैं। उनकी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद, उनके समर्थकों का धैर्य टूट चुका है। 29 दिसंबर को महापंचायत होगी, जिसमें एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। टोंक जिले के नगर फोर्ट में 29 दिसंबर को निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की रिहाई को लेकर महापंचायत का आयोजन होगा। सरपंच संघ अध्यक्ष मुकेश मीणा और संघर्ष समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उधर, उपखंड अधिकारी द्वारा महापंचायत की सशर्त स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। बता दें कि महापंचायत सुबह 11 से शाम चार बजे तक आयोजित की जा सकेगी। शांतिपूर्ण तरीके से इस महापंचायत को करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अध्यक्ष मुकेश मीणा ने बताया कि 29 दिसंबर को सर्व समाज के लाखों लोग नगर फोर्ट में महापंचायत में शामिल होंगे। इसको लेकर कांग्रेसी नेता प्रहलाद गुंजल भी लगातार गांव-गांव नुक्कड़ सभाएं कर आमजन को महापंचायत में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। महापंचायत को लेकर टोंक पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने भी पूरी तैयारियां कर ली गई। तैनात रहेगा पुलिस जाब्ता। टोंक सहित पड़ोसी जिलों से पुलिस जाब्ता मंगवाया गया है। आरएसी जवानों के साथ चप्पे-चप्पे पर पुलिस के हथियारबंद जवानों की तैनाती की है। जिले की सभी बॉर्डर के पुलिस थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच और व्यक्तियों की तलाशी की जाएगी। वाहनों में किसी भी प्रकार के हथियारों की तलाशी भी की जाएगी।















