गुरु रविदास के 649वें जन्मोत्सव पर किले पर अमृतवाणी प्रवचन सत्संग सम्पन्न।

रिपोर्टर मुकेश कुमार। कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़। श्री गुरू रविदास जी की 649वीं जयंती पर अखिल भारतीय रविदासिया धर्म संगठन द्वारा दुर्ग स्थित श्री गुरू रविदास चरण चिह्न पर रविवार 1 फरवरी को अमृतवाणी सत्संग, प्रवचन एवं भंडारा महाप्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमृतवाणी प्रचारक एवं अभा रविदासिया धर्म संगठन के राजस्थान प्रभारी धन्नालाल जोड़वाल थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने श्री गुरू रविदास अमृतवाणी व उनकी शिष्या संत मीराबाई द्वारा दिये ज्ञान को प्रकाशित करने के साथ साथ डॉ बाबा साहेब अम्बेडकर द्वारा भारतीय संविधान में श्री गुरू रविदास महाराज की अमृतवाणियों को समाहित कर कानूनी रूप देने का विवरण प्रस्तुत किया। प्रदेश संयोजक कालूराम बैरवा ने बताया कि इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चित्तौड़गढ़ संत छोगादास महाराज, संत रतनदास महाराज सहित अन्य संत महात्माओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियाँ दी। इस अवसर पर अतिथि के रूप में अम्बेडकर विचार मंच के संस्थापक छगनलाल चावला, डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रो. निर्मल देसाई, वरिष्ठ पत्रकार मदन ओजस्वी, समाजसेवी बाबूलाल जीनवाल, माधवलाल बैरवा कपासन, सोहनलाल बैरवा भीलवाड़ा मौजूद रहे।