कपासन टाइम्स न्यूज/ चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (जिला चित्तौड़गढ़) एवं समस्त सकल अग्रवाल समाज चित्तौड़गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गांधी नगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन में दीपावली मिलन व अन्नकूट महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि दिनेश अग्रवाल (अनंता होटल) एवं दिनेश अग्रवाल (विवेकानंद) द्वारा कुलदेवी मां लक्ष्मी एवं अग्रवाल समाज के आराध्य भगवान श्री अग्रसेन महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का समाज के पदाधिकारियों द्वारा पारंपरिक रूप से दुपट्टा ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। पूजन के पश्चात भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
जिला अग्रवाल सम्मेलन के युवा जिला अध्यक्ष राजू अग्रवाल (शंभूपुरा) ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान को छप्पन भोग व अन्नकूट का विशेष भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद उपस्थित सभी समाजजनों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। महोत्सव में बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और संगठन को मजबूती मिलती है। समाजजनों ने भगवान के दर्शन कर क्षेत्र व देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं अग्रबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
















