बावलास में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, आभूषण लूटकर फरार हुए बदमाश, गांव में दहशत।

कपासन टाइम्स न्यूज/ रिपोर्टर आजाद मंसूरी। राशमी। थाना क्षेत्र के बावलास गांव में देर रात आभूषण लूटने की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व दहशत का माहौल है। बुजुर्ग महिला की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध हैं।जानकारी के अनुसार चार अज्ञात बदमाश मकान के पीछे बाड़े से चदर को तोड़कर रस्सी के सहारे मकान में घुसे। रात के सन्नाटे में बदमाशों ने बरामदे में सो रही दो सगी बहनों को निशाना बनाया। दोनों बहनें गहरी नींद में थीं, तभी बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने 65 वर्षीय लेहरी बाई को चाकू की नोक पर धमकाया और मुंह बंद कर दिया, ताकि वे शोर नहीं मचा सकें। वहीं 61 वर्षीय भगवानी बाई अहीर पत्नी नारायण लाल अहीर की हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाशों ने दोनों बहनों के पैरों से चांदी की कड़ियां व नथ, मांदलिया सहित अन्य आभूषण लूट लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल लेहरी बाई को तत्काल राशमी चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई। घायल महिला ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी गेहरी लाल गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम व पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी नमूने लिए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
मृतका के पुत्र शंकर लाल अहीर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।