जेठी अमावस्या पर बांसी धूंणी मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब।

संपादक कालूराम कुमावत। मेले में बड़े झूले व हवन आकर्षण का केंद्र थे

बड़ीसादड़ी। उपखण्ड की बांसी ग्राम पंचायत में प्रकृति की सुरम्य वादियों में ऊंचे पहाड़ पर स्थित धुंधलीमल स्वामी की धूणी पर जेठी अमावस्या पर एक दिवसीय विशाल मेला गुरुवार को हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सवा पाच क्विंटल देशी घी के हवन के साथ सम्पन्न हुआ। पाच क्विंटल से भी अधिक घी होने से पुजारी को तगारी से घी की आहुतियां देनी पड़ी। मेले में सुदूर क्षेत्र के छह सौ से भी सैंकड़ों गांवों के हजारों लोगों ने भाग लिया। प्रतिवर्ष यहां पर सैकड़ों महिला पुरुष अपार श्रद्धा के चलते देसी घी लेकर पहुंचते है। मन्नत पूरी होने से देसी घी का हवन करते हैं। यहां पर आने वाले विशेष कर जातरी चूरमा बाटी का भोजन बनाते हैं। इस दिन की यह विशेषता है कि यहां पर बनने वाला भोजन सिर्फ चूरमा बाटी ही बनता है। यह भोजन यहां के विशेष पानी की वजह से बहुत ही स्वादिष्ट भी होता है। क्षेत्रवासी धूणी के प्रति अपार श्रद्धा के साथ हर साल बड़ी संख्या में यहां पहुंचते है। पुजारी जीवनपुरी, अभिषेकपुरी व वीरेंद्रपुरी ने बताया कि यहां पर लगने वाली दुकानों से मेला आयोजन समिति की ओर से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। पुजारी जीवनपुरी ने बताया कि हर सोमवार को यहां पर हवन होता है। धूणी पर अग्नि अपने आप प्रज्वलित होती है। झुलसा देने वाली तेज गर्मी होने के बावजूद भी पुजारी घी की आहुतियां देते हुए पसीने से लथपथ हो गए थे। हवन के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु जय कारे लगाते नाचते व भजन गाते हुए परिक्रमा लगाते रहे, वहीं दूसरी ओर महिलाएं भी परम्परागत भजन व मंगल गीत गाती हुई रही। मेले में नन्हें – मुन्नों के साथ बड़ी संख्या में युवक – युवतियों ने भी झूलों का लुत्फ उठाया। वहीं महिलाएं श्रृंगार की दुकानों पर जमकर खरीदारी करती हुए दिखी। मेले में धुंधलीमल स्वामी सेवा समिति की ओर से ठंडे पेयजल एवं छाया की सुंदर व्यवस्था थी। मेले में श्रृंगार व खाद्य सामग्री सहित कई प्रकार की दुकाने लगी। मेले में ठंडे शीतल पेयजल की व्यवस्था मेला आयोजन समिति, समाजसेवी संगठन व बड़वल के प्रहलाद जणवा की ओर से की गई। मेले में बड़े झूले व हवन आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में बांसी पुलिस चौकी के सुरेंद्र कुमार अपने अन्य पुलिस साथियों के साथ कानून व्यवस्था मुस्तैदी के साथ संभालते हुए दिखे।