सभी प्रकार के यज्ञों में सर्वश्रेष्ठ है जप यज्ञ- स्वामी श्री सुदर्शनाचार्य आचार्य जी महाराज।

रिपोर्टर रामसिंह मीणा रघुनाथपुरा। बड़ी सादड़ी श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान बड़ी सादड़ी द्वारा प्रति रविवार को रामधुन के क्रम में 132 वी रामधुन प्रातः 6:30 बजे आनंद धाम श्री रामद्वारा चौक से प्रारंभ होकर जैन मंदिर ,श्री राम मंदिर एवं आजादपुरा होते हुए श्री गोपाल पुरुषोत्तम सत्संग आश्रम पहुंची। विजय मंत्र श्री राम जय राम -जय जय राम” एवं सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ के पश्चात धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा के प्रारंभ में सुदर्शनाचार्य जी महाराज ने मंत्रोच्चार पुष्पवर्षा कर रामधुन में पधारे सभी भक्तों को आशीर्वाद दिया। धर्म सभा को संबोधित करते हुए सुदर्शनाचार्य जी महाराज ने कहा कि कलयुग में जप यज्ञ सभी प्रकार के यज्ञ में सर्वश्रेष्ठ एवं प्रभावी है। महाराज श्री ने रामधुन के माध्यम से धर्म जागरण के साथ सनातन संस्कारों के संरक्षण पर हर्ष व्यक्त करते हुए मार्कंडेय ऋषि की कथा सुनाई एवं आशीर्वाद का महत्व समझाते हुए सभी बालकों से प्रतिदिन माता-पिता गुरु एवं बड़ों का आशीर्वाद लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में बालाजी संस्थान की और से राजेंद्र विजयवर्गीय ने व्यवस्थाओं के लिए मंदिर समिति एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि बालाजी संस्थान के सभी कार्यों को सदैव पूज्य स्वामी जी श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया।