संवादाता बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा।
बड़ीसादड़ी। संसार में माता – पिता से बढ़कर कोई नहीं। यह विचार सग्रामपुरा में सात दिवसीय भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को बड़ीसादड़ी दिव्य रामद्वारा आनंदधाम के संत अनंतराम शास्त्री ने अपने प्रवचन के दौरान व्यक्त किये। शास्त्री महाराज ने कहा कि माता – पिता पांच – पांच संतानों का पालन पोषण कर लेते है, लेकिन कई बार समाज में देखा गया है कि सभी संताने मिल कर बुजुर्ग माता – पिता को दो समय की रोटी भी नहीं दे रहें है। यह बहुत ही चिंता का विषय है। संसार में माता – पिता का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता है। पाश्चात्य संस्कृति के अनुसरण ने हमारे युवाओं को भ्रमित किया है। महाराज ने जोर देकर कहा कि हमारे बच्चों को समय पर संस्कार व संस्कृति की शिक्षा देनी होगी। तब ही इस समस्या से निजात मिलेगा। माता – पिता साक्षात भगवान का रुप होते है। माता – पिता की जो सच्चे मन से सेवा करता है, उसका जन्म जनमांतरण का फेर मिट जाता है। संत अनंतराम शास्त्री महाराज ने कपिल देवहुति प्रसंग व ध्रुव चरित्र का विस्तृत वर्णन करते हुए कथा का ऐसा जीवंत रसपान कराया कि उपस्थित हजारों भक्त कथा सुनते – सुनते मंत्रमुग्ध हो गये। शास्त्री महाराज ने बताया कि चौबीस अवतारों का स्मरण करने मात्र से नकारात्मक शक्तियों का नाश होकर हमें भगवद्गप्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता हैं। चौबीस अवतार की कथा सुनाते हुए गीता उपदेश में कर्म फल का ज्ञान सुनाया। अपने जीवन को प्रभु चरणों में समर्पित कर कर्म करना चाहिए जिससे अपना जीवन सफल होता है। भागवत पुराण का महत्व बताते हुए शास्त्री ने कहा कि जिस ग्रंथ को सुनने से जीवन का कल्याण होता हो और भगवान की प्राप्ति हो, उसी का नाम भागवत पुराण है। गो माता की हत्या धर्म को पतन की ओर ले जाती है। गो माता को पालना प्रत्येक हिन्दू का परम धर्म है। महाराज ने कहा कि अगर किसी के घर में रखने की व्यवस्था नहीं हो तो गोशाला जाकर एक गो माता को गोद ले और जितना खर्च एक साल में हो उसे वहन करें। ऐसे भी गौ माता की सेवा की जा सकती है। आज कल समाज में बढ़ती ईर्ष्या पर महाराज ने कहा कि आज इंसान अपने दुखों से जितना दुखी नहीं है, जितना कि दूसरों के सुखों से दुखी है। महाराज ने बताया कि ईर्ष्या से अपना ही पतन होता है। कथा के दौरान भजनों पर कई पुरुष व महिलाओं ने भक्ति के रस में जम कर नृत्य किया। कथा आयोजक लक्ष्मीनारायण सुथार ने बताया कि यह कथा 7 अप्रैल तक प्रतिदिन सवा ग्यारह बजे से 3 बजे तक होती रहेगी। कथा में आयोजन समिति के स्वयं सेवक तत्परतापूर्वक सेवाएं दे रहें है। अपने पुत्र हरिप्रसाद के जन्मोत्सव पर कथा करा रहे लक्ष्मी नारायण सुथार ने बताया कि सभी भक्तों को कथा के दौरान एक दिन सूरज कुंड के संत अवधेशानंद जी महाराज का भी सानिध्य प्राप्त हो, जिसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं। कथा प्रारंभ से पूर्व हुरा बा गो सेवा संस्थान की ओर से संत अनंतराम शास्त्री महाराज का स्वागत व अभिनंदन किया गया। आरती के बाद हलवा, अंगूर व आइसक्रीम का प्रसाद प्रकाश सुथार प्रहलाद सुथार, बाल किशन सुथार, घनश्याम सुथार, शंभूलाल सुथार, कालू लाल गायरी, शंकर लाल सुथार, वजेराम सुथार, सुखलाल सुथार, भागचंद सुथार, दलीचंद सुथार, सूरजमल सुथार, प्रथा गायरी, कंपाउंडर शंभू लाल धाकड़ व गेहरी लाल की ओर से वितरित किया गया। कथा के अंत में आयोजन समिति के रामेश्वर लाल सुथार, भरत लाल सुथार, राजू लाल सुथार, जगदीश चंद्र सुथार सुथार व मांगीलाल लोहार ने सभी भक्तों के प्रति आभार जताया। सभी भक्तों ने कथा के बाद महाप्रसाद ग्रहण किया।















