कपासन टाइम्स न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 12 नवंबर। नीमच जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने वाली चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) को नीमच पुलिस ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने 11 नवंबर को तीन अलग-अलग आदेश जारी कर डीएसटी टीम के अधिकारियों एवं जवानों को कुल 15 हजार रुपए के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
*जिला पुलिस अधिक्षक धर्मेंद्र यादव* ने बताया कि पहला मामला थाना रतनगढ़ के अपराध क्रमांक 12/2024 से संबंधित है। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में वांछित रोशन पिता जानकीलाल शर्मा निवासी खारखंडा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। डीएसटी चित्तौड़गढ़ ने आरोपी को गिरफ्तार कर रतनगढ़ पुलिस के सुपुर्द किया।
दूसरा मामला थाना नीमचसिटी के अपराध क्रमांक 539/2019 का है। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत वांछित जसवंतसिंह पिता शंभूसिंह राजपूत निवासी सिरोड़, थाना बड़ी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। डीएसटी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर नीमचसिटी पुलिस को सौंपा।
इसी प्रकार तीसरा मामला थाना जीरन के अपराध क्रमांक 164/2009 से जुड़ा है। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत वांछित सोहनलाल पिता सूरजमल जाट निवासी हथियाना, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी गिरफ्तारी के बाद जिला जेल कनावटी से फरार हो गया था। इस संबंध में थाना नीमचसिटी में अपराध क्रमांक 02/2010 दर्ज किया गया था। डीएसटी चित्तौड़गढ़ ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया।
तीनों मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार इनामी आरोपियों को पकड़ने पर *नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास* ने डीएसटी टीम के कार्य की सराहना करते हुए कुल 15 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
इन्हें मिला पुरस्कार। पुरस्कार प्राप्त करने वाली चित्तौड़गढ़ डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार (डीएसटी प्रभारी), एएसआई राजकुमार (साइबर सेल) सहित कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, रामकेश एवं जगदीश* शामिल हैं। टीम की इस उपलब्धि से चित्तौड़गढ़ पुलिस का गौरव बढ़ा है।















