संवादाता बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा
बड़ीसादड़ी, अयोध्या में नव निर्मित भव्य व दिव्य मन्दिर में बिराजित रामलला के दर्शन के बाद रामभक्तों ने रमेश चंद्र पुष्करणा को चाय का सेवन प्रारंभ कराया। बड़ीसादड़ी उपखंड के बोहेड़ा निवासी व राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा का 34 वर्ष पूर्व लिया गया संकल्प सोमवार को अयोध्या में नव निर्मित भव्य व दिव्य मंदिर में विराजित प्रभु श्री राम के दिव्य दर्शन के साथ पूरा हुआ। बता दें कि राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा 34 वर्ष पूर्व अयोध्या में कार सेवा के लिए गए थे। उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सरकार ने उन्हें गिरफ्तार करके 7 दिन जेल में रखा। उस समय अयोध्या में कार सेवा के लिए देश के विभिन्न भागों से लाखों राम भक्त कार सेवा करने के लिए पहुंचे थे। रमेश चंद्र पुष्करणा ने उस समय यह संकल्प लिया था कि जब तक प्रभु श्री राम टेंट से भव्य मंदिर में नहीं बिराजेंगे तब तक वे मरते दम तक चाय का सेवन नहीं करेंगे। पुष्करणा ने बताया कि जब 22 जनवरी को अयोध्या में दिव्य व भव्य मन्दिर में प्रभू श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई तो उनका मन गदगद हो गया। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष पुष्करणा ने सोमवार को अयोध्या में भगवान श्री राम के दिव्य दर्शन के साथ ही चाय का प्रतीकात्मक सेवन प्रारंभ किया। पुष्करणा को राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा, प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, अभय सिंह राठौड़, प्रदेश की महिला मंत्री जयमाला पानेरी, प्रदेश के पूर्व सभा अध्यक्ष नटवर पांचाल, ब्यावर के जिला अध्यक्ष दिनेश चंद्र, चित्तौड़गढ़ के जिला मंत्री रामलक्ष्मण त्रिपाठी, संभाग संगठन मंत्री उदयपुर डॉ. कौशल्या सहित कई कार्यकर्ताओं ने पुष्करणा को गुड़ और चाय का सेवन प्रारंभ करवाया। रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि वे अयोध्या में श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला के दिव्य दर्शन के अलौकिक क्षण से भाव विभोर हो गए। उनका जीवन धन्य हो गया। जीना सार्थक हो गया। वे अपने आप को भाग्यशाली व गौरवशाली समझते हैं कि सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम का दिव्य एवं भव्य मंदिर में भगवान राम के दिव्य दर्शन कर पाए।















