रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट
राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (RVPN) के चीफ इंजीनियर KK मीणा ने राज्य में निगम के सभी सरकारी आवास जांच करने का आदेश जारी किया है। इसमें कहा कि सभी जोन के अधीक्षण अभियंता उनके सर्कल के अंतर्गत आने वाली RVPN की आवासीय कॉलोनी के क्वार्टर को चेक कर या सुनिश्चित करें कि इनमें निगम के कमर्चारियों की जगह कोई और तो नहीं रह रहा। इसकी रिपोर्ट तीन दिनों में सौंपने को कहा है। दरअसल, जयपुर के कूकस में 2 इंजीनियर और 2 टेक्निकल हेल्पर ने अपने सरकारी आवास किराए पर दे रखा था।
क्या था मामला:
RVPN के सचिव आनंदी लाल वैष्णव ने 25 अगस्त को कूकस स्थित 220 केवी GSS का दौरा किया था। इस दौरान वहां के अधिकारी से लेकर टेक्निकल हेल्पर ने सरकारी क्वार्टर को किराए पर दे रखा था। जांच में सामने आया कि XEN टीआर वर्मा के सरकारी क्वार्टर में ओडिशा के रहने वाले निरंजन साहू नाम के व्यक्ति और उसकी फैमिली रह रही थी। उन्होंने 14000 रुपए में सरकारी क्वार्टर किराए पर दे रखा था। वहीं AEN आदर्श माथुर ड्यूटी से मिले और उनके क्वार्टर में GSS के सिक्योरिटी गार्ड रह रहे थे। टेक्निकल हेल्पर हर गोविंद मीणा के क्वार्टर में दो लड़कियां किराए पर रह रही थी। वहीं टेक्निकल हेल्पर प्रकाश मीणा के आवंटित सरकारी क्वार्टर में भी एक परिवार रह रहा था। बुधवार 4 सितंबर को चारों को सस्पेंड कर दिया गया था।
4 गुना किराया वसूलने का आदेश:
सचिव आनंदी लाल वैष्णव ने बताया- मैं वहां इंस्पेक्शन के लिए गया था। सचिव ने बताया- इनमें से दोनों अधिकारियों को नियमानुसार सस्पेंड किया गया। वहीं इन चारों से नियम के तहत स्टैंडर्ड रेट से 4 गुना किराया वसूलने का आदेश दिया है।
स्टाफ क्वार्टर के बारे में रिपोर्ट मांगी:
विद्युत निगम जयपुर जोन चीफ इंजीनियर कमलेश कुमार मीणा ने सभी जोन के अधीक्षण अभियंताओं को उनके सर्कल के अंतर्गत आने वाली RVPN की आवासीय कॉलोनी के क्वार्टर को चेक कर तीन दिनों में रिपोर्ट करने का आदेश जारी किया है। आदेश में लिखा गया है कि हाल ही में निगम के जयपुर जोन के सरकारी क्वार्टर को बाहरी व्यक्ति को किराए पर देने का मामला सामने आया है। यह अत्यंत गंभीर कृत्य है। इसके साथ ही यह निगम कर्मचारियों को अलॉट होने वाले आवासीय परिसर और रेंट रिकवरी रेगुलेशन 2021 का उल्लंघन है। आदेश के अनुसार अधीक्षण अभियंता सरकारी क्वार्टर को चेक कर उन्हें सर्टिफिकेट भी देंगे की इन क्वार्टर में कोई भी अनधिकृत या बाहरी व्यक्ति जो निगम का कर्मचारी नहीं है वह तो नहीं रह रहा।















