संपादक कालूराम कुमावत। 
चित्तौड़गढ़ हिंदुस्तान जिंक के एक ठेका कंपनी में ऑन ड्यूटी रहते हुए एक इंजीनियर की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजन, रिश्तेदार और समाज के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने लगभग एक करोड़ रुपयों की मांग की है। काफी देर परिजनों को समझाने के बाद 30 लाख रुपयों में समझौता हुआ। मौत का कारण साइलेंट अटैक बताया जा रहा है। वहीं, परिजनों का आरोप है कि कंपनी द्वारा लगातार डबल ड्यूटी करवाने के कारण उसकी हालत खराब हुई थी। मामला गंगरार थाना क्षेत्र का है। हिंदुस्तान जिंक के ठेका कंपनी केपीएस में एक इंजीनियर पाली हाल शास्त्री नगर निवासी कमलेश सेन (38) पुत्र भागीरथ सेन रोज की तरह रविवार रात को 10 बजे ड्यूटी करने गया था। 10:20 पर उसकी हालत खराब होने पर वह बेहोश होकर गिर गया। आसपास के अन्य साथी उसे उठाकर हॉस्पिटल लेकर आए लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना गंगरार थाना पुलिस को दी गई। मौके पर थाना अधिकारी जयेश कुमार पाटीदार मे जाब्ता भी पहुंचे। कमलेश सेन के परिजनों को भी बुलाया गया। भीलवाड़ा से कमलेश के मामा और समाज जन भी पहुंचे। डबल ड्यूटी से तबीयत बिगड़ने का आरोप। परिजनों ने केपीएस कंपनी के मालिक पर आरोप लगाते हुए कहा कि कमलेश से कंपनी वाले लगातार डबल ड्यूटी करवा रहे थे। उसके खाने-पीने का भी समय नहीं दे रहे थे। ना ही वो सो पा रहा था। ऐसे में कमलेश की तबीयत खराब हो गई। मौत का कारण भी साइलेंट अटैक बताया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि कमलेश अपने घर में इकलौता कमाने वाला था। घर पर उसकी सिर्फ बूढी दादी और मां ही रहते थे। परिजनों ने मुआवजे के रूप में एक करोड़ रुपयों की मांग की है। शाम को जाकर दोनों पक्षों में सहमति बनी और 30 लाख रुपयों में समझौता हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
















